नए साल से महंगी होने जा रही मारुति की कारें

देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया की कारें नए साल से महंगी हो जाएंगी। 

कंपनी ने कहा कि वह अगले महीने से अपने विभिन्न मॉडलों के दाम बढ़ाने जा रही है। 

शेयर बाजारों को भेजी सूचना में मारुति ने कहा कि कुल मुद्रास्फीति और हालिया नियामकीय जरूरतों के बीच कंपनी पर लागत दबाव बढ़ा है। 

कंपनी ने कहा कि उसने लागत को कम करने के लिए अधिकतम प्रयास किए हैं और आंशिक रूप से इस वृद्धि को रोकने की कोशिश की है, लेकिन अब कीमतों में वृद्धि जरूरी हो गई है। 

कंपनी की जनवरी, 2023 से अपने वाहनों की कीमतें बढ़ाने की योजना है। यह सभी मॉडलों पर अलग-अलग होगी। 

हालांकि, कंपनी ने यह नहीं बताया है कि वह कीमतों में कितनी वृद्धि करने जा रही है। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मारुति सुजुकी की नवंबर 2022 में कुल होलसेल बिक्री 14 प्रतिशत बढ़कर 1.59 लाख यूनिट रही है। 

नवंबर 2021 में डीलरों को 1.39 लाख वाहनों की आपूर्ति हुई थी। इस अवधि मारुति की घरेलू बिक्री 18 फीसदी बढ़कर 1.39 लाख हो गई। उसने नवंबर 2021 में 1.17 लाख यूनिट की बिक्री हुई थी। 

बता दें कि किसी भी कार निर्माता कंपनी के लिए इनपुट कॉस्ट काफी महत्वपूर्ण रहती है। 

किसी भी ऑरिजनल इक्वीमेंट मैन्यूफैक्चरर के लिए कुल लागत में 70 से 75% मटीरियल कॉस्ट का हिस्सा होता है। 

इसके चलते कंपनी के मार्जिन पर भी असर पड़ा है। ऐसे में कार निर्माता कंपनी को कीमत बढ़ानी पड़ रही है।